मेरठ। यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने मांगों को नहीं माने जाने पर आगामी 11 अप्रैल को प्रदेश में रोडवेज का चक्का जाम करने का आह्वान किया है। इस संबंध में सोमवार को मेरठ डिपो पर विशेष बैठक की गई। इसके बाद कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। मेरठ डिपो शाखा अध्यक्ष राजेश त्यागी ने बताया कि सातवां वेतनमान लागू करने, संविदा चालक व परिचालकों के अलावा कंप्यूटर ऑपरेटरों की भर्ती करने, मृतक आश्रितों को नौकरी देने सहित 16 सूत्रीय मांग पत्र प्रबंधन को दिया हुआ है। लेकिन प्रबंधन ने इस पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। अगर 10 अप्रैल तक मांगे नहीं मानी गई तो 11 अप्रैल को बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा। इस दौरान वीरेंद्र सिंह, रतन सिंह, देवेंद्र दत्त, जगदीश, दीपक, नाथीराम, अनूप सिंह, संजीव कुमार आदि मौजूद रहे।