न तंबू हटा न स्लैप, व्यापारियाें का धरना जारी
मेरठ। देहली गेट चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग को लेकर शारदा रोड व्यापार संघ के पदाधिकारियों का धरना बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। एक व्यापारी के सामने व्यापार संघ, भाजपा नेताओं के साथ ही नगर निगम, प्रशासन और पुलिस पूरी तरह नाकाम नजर आयी। व्यापारियों के बीच पहुंचे भाजपा नेता डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी बैरंग लौट आए।
तीन दिन पहले पीडब्लूडी ने मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल तक की सड़क बनानी शुरू की थी। जब सड़क निर्माण शारदा रोड़ चौराहे पर पहुंचा तो मामला बिगड़ गया। यहां पर नगर निगम को फिर से पुलिया निर्माण की याद आ गयी। जिसके विरोध में फिर से शारदा रोड के व्यापारी उतर आए। निगम अधिकारियों ने नाले के लिए खोदी सड़क को ठीक करा दिया। लेकिन व्यापारियों की मांग है कि पूर्व में बनायी गयी पुलिया से पत्थर उतारा जाए। इसके लिए तीन पत्थर उतार भी दिए गए। लेकिन एक व्यापारी के विरोध के कारण पांच पत्थर (स्लैप) अभी भी डले हुए हैं। व्यापारियों का कहना है कि इससे बारिश में दिक्कत आती है। यदि ऊंचा करके सड़क बनेगी तो आसपास के इलाकों में पानी भर जाएगा।
बृहस्पतिवार को फिर से संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता सहित व्यापारी नेता मौके पर पहुंचे। लेकिन बात नहीं बनी। इस बीच भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी और बिजेंद्र अग्रवाल भी धरना दे रहे व्यापारियों के बीच पहुंचे। डॉ. वाजपेयी ने व्यापारियों से कहा कि वह अपना धरना समाप्त हर तंबू हटा लें, दो दिन में उनकी समस्या का समाधान निकल जाएगा और सड़क निर्माण भी हो जाएगा। लेकिन व्यापारी नहीं माने। व्यापारियों ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक पांचों पत्थर नहीं हटेंगे, धरना समाप्त नहीं होगा। बृहस्पतिवार को शारदा रोड की दुकानें भी बंद रहीं।
वहीं, सुबह के समय नगर आयुक्त, सिटी मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। लेकिन इस मामले में कोई समाधान नहीं निकाल सके। इस दौरान शारदा रोड व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, पार्षद रंजन शर्मा, गिरीश गुप्ता, राकेश गौड़, गौरव शर्मा, बृजेश मित्तल, रविंद्र गोयल, कुलदीप गुप्ता, रमेश शर्मा, शशांक गुप्ता, संजय शर्मा आदि मौजूद रहे।
खास बातें:
देहली गेट चौराहे पर व्यापारियोें का धरना रहा जारी
तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं निकला कोई हल