मेरठ। गन्ने की समस्याओं को लेकर रालोद ने आंदोलन की तैयारी करनी शुरू कर दी है। पार्टी के प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान ने बताया कि किसानों को न तो समय से पर्ची मिल रही है और न ही आपूर्ति किए गए गन्ने का 14 दिन के अंदर भुगतान किया जा रहा है। किसानों का बेसिक कोटा खत्म हो गया है और उनके खेतों में गन्ना खड़ा हुआ है। चीनी मिलें किसानों का शोषण कर रही हैं। रालोद किसानों के मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है। आगामी 15 मार्च को लखनऊ में संगठन की समीक्षा के बाद आंदोलन का बिगुल बजा दिया जाएगा। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को अलर्ट कर दिया है।