नौचंदी मेले के स्वरूप पर आज होगा निर्णय
- कमेटी की आज होगी पटेल मंडप में बैठक
मेरठ। पश्चिम उप्र के एतिहासिक मेले का स्वरूप कैसा होगा। दुकानदार और जनता को मेले में क्या सुविधाएं मिलेंगी। मेले का उद्घाटन कितना भव्य होगा। इस पर आज मेला कमेटी निर्णय लेगी।
नगरायुक्त मनोज कुमार चौहान ने आज सुबह 11 बजे पटेल मंडप में बैठक बुलाई है। जिसमें डीएम से लेकर पुलिस के आला अधिकारी, महापौर, पार्षद और नामित सदस्य भाग लेंगे। बता दें कि मेला नौचंदी पश्चिम उप्र का एतिहासिक मेला है। इस बार नगर निगम मेले का आयोजन करने जा रहा है। मेला मैदान पर अभी तक कोई काम नहीं हो पाया है। जबकि मेला उद्घाटन का समय करीब आता जा रहा है। मेले को भव्य बनाने के लिए मेला कमेटी का गठन किया गया है। मेला कमेटी मेला परिसर की सफाई, अन्य विकास कार्यों पर निर्णय लेगी। हालांकि मेला नौचंदी में विकास कार्य को लेकर महापौर और निगम अधिकारियों की बीच विवाद चल रहा है। नगरायुक्त ने किसी भी कीमत पर मेले में विकास कार्यों के टेंडर निरस्त न करने की बात कही है। अब देखना यह है कि क्या विवाद का असर नौचंदी मेले पर पड़ेगा या फिर मेला कमेटी आज इस विवाद को भी खत्म करेगी।