लालकुर्ती में गन्ने से भरा ट्रक पलटा, हादसा बचा
मेरठ। गन्ने से लदे ओवरलोड ट्रकों पर पुलिस-प्रशासन कोई रोक लगा नहीं पाया, जो आम लोगों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। मंगलवार को लालकुर्ती के भीड़भाड़ इलाके में गन्ने से लदा ट्रक पलट गया। जिसके नीचे दबने से एक गाड़ी बाल-बाल बची।
बाउंड्री रोड पर ओवरलोड होने के चलते गन्ने से भरे ट्रक का एक्सल टूट गया और वह पलट गया था। सोमवार को भी जीरो माइल के पास गन्ने से भरा एक ट्रक पलटने से बचा। उसका भी एक्सल टूट गया था। रात भर ट्रक सड़क के बीचोबीच खड़ा रहा और लोग उसके बराबर से निकलते डर रहे थे। इससे पहले गन्ने से लदे ट्रक से लालकुर्ती में महिला की मौत हो गई थी। जिसमें खुद चालक ने बताया था कि ओवरलोड होने के चलते ट्रक को वह कंट्रोल नहीं कर सका था।
एसओ लालकुर्ती ने बताया कि ट्रक पलटने से भीषण जाम लग गया था। जीरो माइल से रुड़की रोड पर लंबी लाइन लग गई। वहीं, बाउंड्री रोड पर भी जाम की स्थिति बनी थी। गनीमत है कि अब नो एंट्री में भारी वाहन बंद हैं, नहीं तो यहां दिन में भी गन्ने से भरे ट्रक निकलते थे।