बेबस सिस्टम से आगे जाम से जूझा शहर
मेरठ। शहर की यातायात व्यवस्था धड़ाम हो गई है। रविवार को तीसरे दिन भी शहर शाम होते ही जाम की चपेट में आ गया। दिल्ली रोड का जाम पुलिस अफसरों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
रविवार सुबह कोहरे के कारण दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहिउद्दीनपुर के पास जाम की स्थिति बनी रही। ट्रकों की हाईवे पर लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया। दोपहर के समय हापुड़ अड्डा से लेकर हापुड़ रोड पर जाम लगा रहा। हापुड़ अड्डा चौराहे से गोला कुआं और भूमिया पुल तक भी जाम लगा रहा।
शाम होते ही जीरो माइल, बेगमपुल चौराहा, केसरगंज, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा और बागपत रोड पर जाम लग गया। रात आठ बजे जुर्रानपुर फाटक के पास बिजली बंबा बाईपास पर भी जाम लग गया। इसके अलावा परतापुर तिराहा, दिल्ली-देहरादून हाईवे पर मोहिउद्दीनपुर, कंकरखेड़ा बाईपास पर जाम लगा रहा।
थाना पुलिस ने झाड़ा पल्ला
जाम को लेकर थाना पुलिस ने बिल्कुल पल्ला झाड़ लिया है। जाम की सूचना पर सिर्फ ट्रैमो बाइक और इंटरसेप्टर ही पहुंचती है। रेलवे रोड चौराहे से 50 कदम की दूरी पर थाना है, लेकिन उसके बाद भी शाम होते ही इस चौराहे पर हर रोज जाम लगता है।
मंडपों के बाहर भी बिगड़ी व्यवस्था
दिल्ली रोड, कंकरखेड़ा बाईपास, मवाना रोड और गढ़ रोड पर विवाह मंडपाें के बाहर सड़क पर बारात की चढ़त और अवैध तरीके से वाहन खड़े होने से जाम की समस्या बन रही है। मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने एक माह पहले ही निर्देश दिए थे कि मंडपों के बाहर अवैध तरीके से वाहन खड़ा करने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। सड़क पर चढ़त न होने के लिए भी कहा था। लेकिन पुलिस पर इन आदेशों का कोई असर नहीं पड़ता।
खास बात
शाम होते ही दिल्ली रोड पर लगा भीषण जाम, हाईवे पर भी लोग जाम में फंसे