मेरठ। कार्तिक अमावस्या गढ़ गंगा स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे रोडवेज की 150 अतिरिक्त बसें भी कम पड़ गई। व्यवस्था बिगड़ते देख सोहराबगेट डिपो ने और बसें लगाकर श्रद्धालुओं को गंगा मेला भेजा।
शनिवार को गंगा स्नान होने के चलते सोहराबगेट डिपो से गढ़मुक्तेश्वर जाने वाले श्रद्धालुओं की शुक्रवार शाम से ही भीड़ जाना शुरू हो गई थी। यह सुबह तक चलती रही। भीड़ को देखते हुए 150 बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई थी, लेकिन बसों के जाम में फंसने और यात्रियों की संख्या ज्यादा होने से मामला बिगड़ गया। भीड़ के आगे बसों की संख्या कम पड़ने लगी तो एआरएम परवेज बशीर ने पहुंचकर दूसरे रूटों की भी कुछ बसें लगवाई। इसके बाद ही मामला संभल पाया। यही हाल मखदूमपुर जाने वालों का भी रहा। मवाना बस अड्डे पर यात्रियों की संख्या अधिक होने पर मेरठ से बसें भेजी गई। इसके बाद ही श्रद्धालुओं को मखदूमपुर मेले तक पहुंचाया जा सका।