मेरठ। डी. ब्लॉक शास्त्रीनगर के लोग साफ सफाई न होने पर डीएम से मिले और पार्षद की शिकायत की। चंचल गौड़ ने बताया कि जब उन्होंने पार्षद से क्षेत्र में व्याप्त गंदगी की शिकायत की तो उसने फोन पर सफाई न कराने व किसी से भी शिकायत करने की बात कही। उन्होंने बताया कि डी ब्लॉक के दशरथ पार्क के पास बारिश होने पर डेयरी से गोबर एवं भूसा इकट्ठा होकर पानी के साथ ब्लॉक में आ जाता है। इस कारण बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने डीएम से पत्र के माध्यम से मांग की है कि क्षेत्र की जनता को व्याप्त गंदगी की समस्या से छुटकारा दिलाया जाए। क्षेत्र के संजय जैन, राजीव अग्रवाल, मुकेश वर्मा, संगीता, शिवम, ललित त्यागी आदि मौजूद रहे। वहीं पार्षद आशु रस्तोगी ने बताया कि आठ माह से वार्ड में सुपरवाइजर नहीं है। सफाई व्यवस्था को जैसे तैसे ठीक रखने का प्रयास किया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी फोन उठाते नहीं है। जहां महिला का मकान है वहां डेरी है। गोबर इनके बाहर नालियों में भर जाता है। कार्यकाल खत्म होने के बाद से तो अधिकारियों ने हमारी सुननी ही बंद कर दी है। कई लोगों से मुझे फोन पर भी इस बाबत धमकी दी जा चुकी है।