मेरठ। जिले में पहले फेज में 18 हजार कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन लगेगी। इनमें से ब्रहस्पतिवार तक 16 हजार का डाटा अपलोड कर दिया गया, बाकी का एक-दो दिन में कर दिया जाएगा। इनमें सरकारी और निजी स्वास्थ्य कर्मी (चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ), आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, इन विभागों में काम करने वाले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और आशा आदि शामिल हैं। इसके बाद 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन लगेगी।
कोरोना की वैक्सीन अगले साल जनवरी-फरवरी तक आने की उम्मीद है। इसकी डाटा फीडिंग का कार्य 23 अक्तूबर से चल रहा है। यह लगभग पूरा हो चुका है। इसके अतिरिक्त कोरोना वैक्सीन के प्रबंधन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके लिए मेरठ में 27 जगह कोल्ड चेन बनाई गई हैं। जिनमें नंगला बट्टू, जाहिदपुर, साबुन गोदाम, मलियाना, रजबन, कैंट, मवाना, सरधना, जिला अस्पताल के बराबर में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर, अपर स्वास्थ्य निदेशक कार्यालय, मेडिकल कॉलेज आदि शामिल हैं।
सीएचसी और अर्बन हेल्थ सेंटर प्रभारियों को ट्रेनिंग
मेरठ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में बृहस्पतिवार को कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण की ट्रेनिंग दी गई। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के 12 प्रभारी और 26 अर्बन हेल्थ सेंटर के प्रभारी मौजूद रहे। अब ये अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ, आंगनबाड़ी और आशा आदि को ट्रेनिंग देंगे। इसमें सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन, एसीएमओ पूजा शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. विश्वास चौधरी और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम आदि रहे। इन अधिकारियों को तीन दिन पहले डब्ल्यूएचओ और यूनिसेफ की तरफ से ऑनलाइन ट्रेनिंग दी गई थी।