अमर उजाला लाइव: होली के त्योहार पर एटीएम दे रहे जवाब
- सुभाष बाजार, गोलाकुआ, दिल्ली रोड पर एटीएम रहे ठप
- एटीएम खराब, तो कहीं सर्वर डाउन से लोग रहे परेशान
मेरठ। होली के त्योहार पर जहां बाजारों में ग्राहकों की भरमार है वहीं शहर के एटीएम जवाब देने लगे हैं। मंगलवार को अमर उजाला टीम ने शहर के कई एटीएम मशीनों का हाल जाना। कहीं एटीएम पर बंद का नोटिस लगा मिला, तो कहीं कैश फंसने के कारण मशीन ठप मिली।
दिल्ली रोड स्थित एसबीआई एटीएम कक्ष के शटर पर ताला लटका मिला। गोलाकुआं रोड स्थित ओरियंटल बैंक शाखा के बाहर लगे एटीएम में कैश फंसने से मशीन जाम हो गई। एटीएम के गार्ड ने बताया एक घंटे से मशीन बंद है, शिकायत की है टीम आकर मशीन ठीक करेगी। ऐसे में लोग वापस लौट रहे थे। वहीं सुभाष बाजार के एसबीआई ई-कॉर्नर में पिछले चार महीने से एटीएम मशीन खराब पड़ी मिली। गार्ड ने बताया कि बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है। हालांकि ई-कॉर्नर में कैश डिपोजिट मशीन (सीडीएम) लगी है, जिससे लोग कैश निकाल भी सकते हैं। बैंक का स्टाफ इस मशीन में कैश डालने व निकालने आता है, लेकिन खराब एटीएम मशीन पर कोई ध्यान नहीं दे रहा। मंगलवार को सीडीएम मशीन भी नेटवर्क न आने के कारण ठप रही, ऐसे में लोगों को मायूस ही लौटना पड़ा। होली के त्यौहार पर जब ग्राहकों को कैश की अधिक आवश्यकता होती है, एटीएम ठप होने से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जल्द आएगी नई मशीन
एटीएम बंद होने की शिकायत उच्च अधिकारियों को कर रखी है। जल्द ई-कॉर्नर में नई एटीएम मशीन आ जाएगी। काफी समय से एटीएम मशीन खराब पड़ी है। सीडीएम मशीन से लेनदेन का कार्य हो रहा था। जल्द समस्या का समाधान हो जाएगा। कुलदीप सिंह सिरोही, एसबीआई बैंक प्रबंधक, शाखा सुभाष बाजार