महिलाएं बोली, बिल्कुल अपनी दादी की तरह दिखती है
मेरठ। प्रियंका गांधी का क्रेज लोगों के सिर चढ़कर बोला। उनके आने की सूचना मिलते ही न केवल अस्पताल प्रशासन अलर्ट हो गया, बल्कि तीमारदार भी इंतजार करने लगे। आसपास के लोग और दुकानदार भी सड़क पर आकर खड़े हो गए। शाम पांच बजे प्रियंका गांधी, राजबब्बर और ज्योतिरादित्य सिंधिया अस्पताल पहुंचे। प्रियंका गांधी ने अस्पताल रिसेप्शन पर बैठे कर्मियों से न केवल पूरे उत्साह के साथ बात की, बल्कि उनसे हाथ भी मिलाया। अस्पताल कर्मियों और गार्डों ने उनके साथ सेल्फी ली। प्रियंका कई तीमारदार महिलाओं से भी मिलीं। एक बुजुर्ग महिला ने प्रियंका को आशीर्वाद दिया। कई महिलाएं तो बोलीं कि बिल्कुल अपनी दादी इंदिरा गांधी की तरह दिखती है। वहीं बाहर सैकड़ों लोग प्रियंका की एक झलक पाने के लिए खड़े रहे। सड़क के दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। हर कोई गाड़ी में बैठी प्रियंका को देखना चाहता था।