मेरठ। मौसम में बदलाव का असर स्वास्थ्य पर दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में ओपीडी साढ़े चार हजार के पार पहुंच रही है।
सोमवार को जिला अस्पताल और मेडिकल में मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। काफी दिनों से सर्दी और जुकाम के मरीजों की ओपीडी बढ़ी है। जिला अस्पताल की ओपीडी 1500 और मेडिकल कॉलेज की तीन हजार से ज्यादा रही। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसे मौसम में बच्चों और बुजुर्गों के साथ युवाओं को खास ख्याल रखने की जरूरत है। वे भी ठंड से बचें, नहीं तो खांसी और जुकाम हो सकता है। मेडिकल अस्पताल के सीएमएस डॉ. धीरज राज ने बताया कि खांसी, गले में जकड़न और जुकाम के मरीज ज्यादा बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पीके बंसल ने बताया कि ठंड में बच्चों और बुजुर्गों के लिए सावधानी बरतने की जरूरत है।