भाजपा विधायक के बेटे की डेयरी पर बखेड़ा, इमाम को थप्पड़ मारा
मेरठ। घंटाघर स्थित कोटला बाजार मेें रविवार को भाजपा के कैंट विधायक के बेटे की डेयरी पर बखेड़ा हो गया। आरोप है कि टंकी का पाइप बदलने के विवाद में डेयरी के कर्मचारी ने एक इमाम को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद मामला सांप्रदायिक रूप लेने लगा। एसओ देहली गेट ने मामला तूल पकड़ने से पहले ही संभाल लिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। वहीं, विधायक ने मारपीट के आरोपों से इंकार किया।
पुलिस के मुताबिक कोटला में भाजपा विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के बेटे सुधीर अग्रवाल की डेयरी है। डेयरी की टंकी का पाइप खराब हो रहा था, जिसे डेयरी का कर्मचारी बदलने लगा। डेयरी के सामने मस्जिद के इमाम यूनुस ने विरोध किया। जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप कि कर्मचारी ने इमाम से गालीगलौज और मारपीट कर दी। जिसके बाद दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। मामला तूल पकड़ता, इससे पहले एसओ देहली गेट विजय गुप्ता मौके पर पहुंच गए। युवा सेवा समिति अध्यक्ष बदर अली और सुधीर अग्रवाल समेत कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों के लोगों को समझाया। इमाम ने कहा कि वह शांति चाहते है, इसको देखते उन्होंने कुछ नहीं कहा। दोनों तरफ से लिखित में समझौता कर लिया गया।
मारपीट का आरोप गलत
टंकी का पाइप लगाने को लेकर मामूली विवाद हुआ था। एक व्यक्ति द्वारा पाइप लगाने पर बेवजह आपत्ति की जा रही थी। मारपीट करने का आरोप गलत है। सारा मामला पुलिस के सामने हुआ। सहमति से पाइप लगाया गया है। -सत्यप्रकाश अग्रवाल, कैंट विधायक भाजपा
माहौल खराब करने का प्रयास
इमाम ने बेवजह मामले को तूल दिया। पाइप लगना था, इसको लेकर माहौल खराब करने का प्रयास हुआ। पुलिस ने पाइप को लगवा दिया है। -विजय गुप्ता, थानाध्यक्ष देहली गेट