राशन डीलर के पक्ष में आए विधायक, विवाद ने तूल पकड़ा
सहारनपुर। नागल क्षेत्र के भाजपा नेता व राशन डीलर और एसएमआई (सप्लाई मार्केटिंग इंस्पेक्टर) के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा विधायक देवेंद्र निम ग्रामीणों व राशन डीलर के साथ एडीएम से मिले और एसएमआई राशन उठाने में घटतौली एवं भ्रष्टाचार करने के आरोप लगाए हैं। एसएमआई के पक्ष में कर्मचारी संगठन संगठन आ गया है और उसके पदाधिकारियों ने एसएमआई का उत्पीड़न किए जाने की स्थिति में कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। एसएमआई नीलम पांडेय ने थाना नागल पर साधारणसिर के राशन डीलर लोकेंद्र के खिलाफ अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। यह मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। बृहस्पतिवार को रामपुर मनिहारान से भाजपा विधायक देवेंद्र निम लोकेंद्र और ग्रामीणों की भीड़ के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे और अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसके दूबे से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि गोदाम पर खाद्यान्न उठवाने के दौरान घटतौली कराई जाती है और विरोध करने पर उत्पीड़न किया जाता है। भ्रष्टाचार का विरोध करने पर राशन डीलर के खिलाफ एफआईआर तक दर्ज करा दी गई है। प्राइवेट लोगों के जरिए राशन डीलरों से अवैध धन की मांग की जाती है। अपर जिलाधिकारी ने निष्पक्ष जांच कराने का भरोसा दिया। उन्होंने जिला विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया है। राशन डीलर लोकेंद्र भाजपा में नागल मंडल उपाध्यक्ष भी हैं।
- विधायक देवेंद्र निम के साथ साधारणसिर गांव के राशन डीलर लोकेंद्र और ग्रामीण उनसे आकर मिले थे। एसएमआई पर आरोप लगाया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।- एसके दूबे, अपर जिलाधिकारी
- उत्पीड़न हुआ तो कार्य बहिष्कार करेंगे : अरुणदत्त शर्मा
यूपी फूड एंड सिविल सप्लाइज इंस्पेक्टर एसोसिएशन के मंडलीय अध्यक्ष अरुणदत्त शर्मा का कहना है कि नागल क्षेत्र में नीलम पांडेय एसएमआई हैं। पिछले दिनों निरीक्षण करने जाने पर उनके साथ राशन डीलर ने अभद्रता की थी, जिस कारण 24 नवंबर को ही राशन डीलर लोकेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उनका कहना है कि मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। अरुण दत्त शर्मा ने कहा कि एसएमआई का उत्पीड़न नहीं होने देंगे, यदि उत्पीड़न किया गया, तो कार्य बहिष्कार कर दिया जाएगा। इस प्रकरण के बारे में उन्होंने एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष अजय सिंह को भी अवगत करा दिया है। उन्होंने खाद्य आयुक्त के संज्ञान में मामला डाल दिया है। अरुणदत्त शर्मा का कहना है कि एसएमआई पर अनर्गल और बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं, जो सही नहीं हैं।
हमने निष्पक्ष जांच की मांग की है : देवेंद्र निम
राशन डीलर लोकेंद्र ने एसएमआई की डिमांड का विरोध किया, जिस कारण उसके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। ऐसा करके प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है। देवेंद्र निम, विधायक भाजपा, रामपुर मनिहारान