मेरठ में देखा प्रधानमंत्री की बैठक का सजीव प्रसारण
मेरठ। प्रदेश के औद्योगिक विकास में तीव्रता लाने को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट 2018 का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर 60 हजार करोड़ के 81 प्रोजेक्टस का विधिवत शिलान्यास किया। इस आयोजन का लाइव टेलिकास्ट कलक्ट्रेट स्थित बचत भवन सभागार में किया गया। इसमें सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्यमी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बड़ा निवेश करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
बैठक में उद्यमियों ने एनओसी न मिलने, जमीन की उपलब्धता की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त के बाद पुन: बैठक का आयोजन होगा, जिसमें उद्यमियों की व्यक्तिगत समस्याओं का निस्तारण होगा। जमीन के लिए परतापुर कताई मिल प्रोजेक्ट पर सबसे पहले काम शुरू होने की बात भी कही। बैठक में जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में उद्यमियों द्वारा रखी गई समस्याओं को सुनकर उनके तत्काल निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य विजयपाल सिंह तोमर, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, सोमेंद्र तोमर, सत्यवीर त्यागी, एसएसपी अराजेश कुमार पांडेय, सीडीओ आर्यका अखौरी, उपाध्यक्ष एमडीए साहब सिंह, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र वीके कौशल सहित उद्यमी प्रतिनिधि एमएस जैन, विष्णु पाराशर, तरंग गुप्ता, सचिन गोयल, मैनपाल सिंह, अश्वनी गुप्ता, कमल ठाकुर, राजीव अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
अरविंद-अर्चना पहुंचे लखनऊ
इंवेसटर्स समिट की समीक्षा बैठक में मेरठ से पसवाड़ा पेपर मिल संचालक अरविंद अग्रवाल, विनोद अग्रवाल पहुंचे। 400 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव पास कराने वाली पसवाड़ा पेपर मिल ने मिल के एक्सटेंशन पर काम शुरू कर दिया है। विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में दुग्ध उत्पादन प्लांट लगाने वाली अर्चना भी लखनऊ आयोजन में शामिल हुई। उद्योग मंत्री सतीश महाना से मुलाकात हुई।