स्पोर्ट्स हब बनेगा मेरठ, 20 करोड़ से सुधरेगी सूरत
मेरठ। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल उत्पादों के लिए मशहूर मेरठ की खेल मंडी को नया लुक मिलेगा। एक जिला एक उत्पाद योजना (ओडीओपी) में मेरठ को 20 करोड़ रुपए के बजट से विस्तार मिलेगा। योजना के तहत प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश के लिए लगभग 250 करोड़ रुपए का बजट तय किया है। इसमें मेरठ के खेल उद्योग को 20 करोड़ रुपए मिलेंगे। इसकी कार्ययोजना जिला उद्योग विभाग ने तैयार कर ली है। 20 करोड़ के बजट से जिले में स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर में युवाओं को खेल उपकरण बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही स्पोर्ट्स क्लस्टर का निर्माण, हॉल का निर्माण होना प्रस्तावित है। 1200 करोड़ से अधिक की मेरठ की खेल मंडी एक जिला एक उत्पाद योजना से एक नया रूप लेगी। जिसमें क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल, स्वीमिंग, कैरम, हॉकी, टेबिल टेनिस से लेकर एथलेटिक्स व अन्य खेल उपकरण बनाने वाली इकाइयों को शामिल किया जाएगा।
ओडीओपी में इन बिंदुओं पर होगा काम
- मेरठ वेदव्यासपुरी में बनेगा स्पोर्ट्स क्लस्टर
- पीडीपीसी में शुरू होगा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर प्रोग्राम
- प्रादेशिक स्तर पर स्पोर्ट्स फेयर का होगा आयोजन
- विभिन्न ट्रेडफेयर में प्रदर्शित होंगे मेरठ के उत्पाद
- स्टैंडअप इंडिया, मुद्रा योजना में खेल उद्योग के लिए ऋण लेने पर डीआईसी की ओर से मिलेगी आकर्षक छूट
- खेल उद्योग में एक करोड़ लागत की नई मशीन लगाने पर मिलेगी ग्रांट
- खेल उद्यमियों की समस्याएं समिति गठित कर होंगी निस्तारित
स्पोर्ट्स हब के लिए उद्यमियों की मांगें
- इंटरनेशनल ट्रेड फेयर्स का आयोजन मेरठ में हो
- उद्यमियों की तमाम विभागीय अनुमति एक सप्ताह में क्लीयर हों
- निवेश मित्र पोर्टल पर उद्यमी की सभी समस्याओं का समाधान जल्द हो
निदेशक उद्योग स्पोर्ट्स कारोबारियों संग करेंगे मंथन
निदेशक उद्योग के. रविंद्र नायक आज उद्यमियों संग ओडीओपी पर वार्ता करेंगे। निदेशक उद्योग के मेरठ आने का प्रमुख उद्देश्य एक जिला एक उद्योग योजना पर उद्यमियों के साथ विचार विमर्श है। खेल उद्यमियों से वार्ता होगी। खेल औद्योगिक इकाइयों के भ्रमण के लिए भी जाएंगे। जिला उद्योग केंद्र द्वारा तैयार की गई एक जिला एक उत्पाद की कार्ययोजना पर उद्यमियों के साथ वार्ता कर सहमति ली जाएगी।
खास बातें:
- एक जिला एक उत्पाद के तहत खेल उद्योग को मिलेगी नई सुविधाएं