मेरठ। इनर रिंग रोड महानगर को जाम से बचाने में वरदान साबित होगी। जिस स्तर से वाहनों की संख्या बढ़ रही है, अन्य सभी सड़कों प वाहनों का दबाव है। हर समय जाम रहता है। उससे केवल इनर रिंग रोड ही बचा सकती है। पूर्व में कमिश्नर ने शासन को भू अर्जन के लिए बजट प्रस्ताव भेजा था। जिस पर अब शासन में कार्रवाई शुरू हो गयी है। उम्मीद जगी है कि सरकार 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले मेरठ की जनता को इनर रिंग रोड का तोहफा देगी।
पीडब्लूडी के प्रस्ताव में इनर रिंग रोड
पीडब्लूडी ने चार माह पहले इनर रिंग रोड का प्रस्ताव तैयार करके शासन को भेजा था। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार बनते ही पीडब्लूडी से संशोधित प्रस्ताव मांगा था। उसके बाद से इनर रिंग रोड का प्रपोजल शासन में दबा पड़ा था। अब शासन ने प्रपोजल का अवलोकन शुरू करा दिया है। मेरठ के आसपास निर्माणाधीन हाइवे के साथ ही इनर रिंग रोड बनाने की योजना है।
34 किमी लंबी, 45 मीटर चौड़ी रोड
इनर रिंग रोड की लंबाई 34.380 किमी और चौड़ाई 45 मीटर प्रस्तावित की गयी है। रोड दो चरणों में बनाए जाने का प्रस्ताव है। सड़क एमडीए, पीडब्लूडी और आवास विकास की भूमि से गुजरनी है। तीनों ही विभागों की अहम भूमिका होगी।
यहां से गुजरेगी इनर रिंग रोड
इनर रिंग रोड वेदव्यास पुरी, शताब्दी नगर, नूरनगर, जुर्रानपुर, जाहिदपुर से गुजरते हुए लोहियानगर से गढ़ रोड पर मिलेगी। ताकि गढ़ रोड के वाहनों को दिल्ली रोड और हापुड़ रोड आने के लिए हापुड़ अड्डा या तेजगढ़ी चौराहा से न गुजरना पड़े। इन रिंग रोड बनने के बाद दिल्ली रोड ही नहीं बल्कि पुराना हापुड़ अड्डा चौराहा मार्ग को भी जाम से मुक्ति मिलेगी।
160 करोड़ से होगा भूमि अधिग्रहण
इनर रिंग रोड के लिए कई गांवों की भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। भूमि अधिग्रहण पर लगभग 160 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च होना प्रस्तावित है। तीन माह पहले कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार ने शासन को भू-अर्जन का बजट प्रस्ताव भेजा था। तीन माह बाद अब शासन इनर रिंग रोड की सुध लेने जा रहा है।
बड़ा महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट है
इनर रिंग रोड का पूरा खाका तैयार करके शासन को भेजा हुआ है। शासन में सभी प्रपोजलों पर कार्य की तैयारी चल रही है। इनमें इनर रिंग रोड भी शामिल है। इनर रिंग रोड बड़ा प्रोजेक्ट है, जो शहर के लिए बहुत जरूरी है। - प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी
खास बातें:
- मेरठ-बुलंदशहर हाइवे के साथ इनर रिंग रोड को बनाने की है तैयारी
2019 चुनाव से पहले मेरठ में सड़कों का जाल बिछाने की तैयारी