मेरठ। समर गार्डन में मकान का लिंटर डालते वक्त लोहे की मशीन विद्युत तारों से टकरा गई। मशीन में करंट उतरने से राजमिस्त्री की मौत हो गई।
जानी थाना क्षेत्र अंतर्गत धौलड़ी गांव निवासी अनीस लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन में अपना मकान बना रहा है। सोमवार को उसके मकान का लिंटर डाला जा रहा था। समर गार्डन निवासी मोहसिन (25) राजमिस्त्री वहां काम कर रहा था। लिंटर डलने का काम खत्म ही होने वाला था कि लिंटर मशीन की सीढ़ी ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों से टकरा गई। लोहे की होने की वजह से उसमें करंट उतर गया। मोहसिन उसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मोहल्ले में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मोहसिन के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर दिया। मोहल्ले वालों का आरोप था कि विद्युत लाइन काफी नीचे से गुजर रही हैं। परिजनों ने मुआवजे की मांग शुरू कर दी। पुलिस भी मौके पर पहुंची। लेकिन लोगों ने आपसी सहमति से मसला सुलझाने की बात कही।