विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षाएं अब नौ मार्च से
मेरठ। पांच मार्च से होने वाली सीसीएसयू की परीक्षाएं अब नौ मार्च से होंगी। सेंटर गलत बनाए जाने की वजह से तिथि आगे बढ़ानी पड़ी है। पांच मार्च से छात्र-छात्राएं प्रवेश पत्र डानउलोड कर सकेंगे। अपडेट परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की तरफ से जल्द ही वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
सत्र को पटरी पर लाने के लिए इस बार सीसीएसयू ने 27 फरवरी से मुख्य परीक्षा का कार्यक्रम घोषित किया था। शासन ने एडेड और राजकीय कॉलेजों को छोड़कर सेल्फ फाइनेंस वाले सभी कॉलेजों के सेंटर दूसरे कॉलेजों में बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद होली की वजह से परीक्षाएं पांच मार्च से कराए जाने की घोषणा की गई थी। परीक्षा के लिए मेरठ मंडल के 9 जिलों में 224 सेंटर बनाए गए थे। हर जिले में परीक्षा का प्रभारी कॉलेज के प्राचार्य को बनाया गया था। गाजियाबाद में 14, मेरठ में 37, सहारनपुर में 39, मुजफ्फरनगर में 26, नोएडा में 11, बुलंदशहर में 43, शामली में 16, हापुड़ में 15 और बागपत में 23 सेंटर बनाए गए थे। लेकिन कई प्राचार्यों ने बिना जांचें ही सेंटर बना दिए। गर्ल्स कॉलेजों में लड़कों के सेंटर बन गए। जिसके बाद दोबारा सेंटर बनाने का काम शुरू हुआ जोकि अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की तरफ से बताया गया कि परीक्षाएं अब नौ मार्च से संभावित हैं। इसके लिए दोबारा से परीक्षा कार्यक्रम जारी किया जाएगा। साथ ही पांच मार्च से छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। बता दें कि अभी नौ मार्च संभावित तिथि रखी गई है। अगर सेंटर बनने में अभी भी कोई खामी रह गई तो इस तिथि को दो-तीन ओर आगे बढ़ाया जा सकता है। विश्वविद्यालय से संबद्घ मेरठ मंडल के 224 कॉलेजों में चार लाख के करीब छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे।