मेरठ। सिटी स्टेशन पर वर्षों से संचालित रेलवे का भोजनालय बंद हो गया है। अब इसका संचालन आईआरसीटीसी करेगी। भोजनालय बंद होने से रेल यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे अधिकारियों ने दिसंबर में भोजनालय के दोबारा चालू होने की उम्मीद जताई है।
सिटी स्टेशन के प्लेट फार्म नंबर एक पर रेलवे का भोजनालय लंबे समय से संचालित था। इसका ठेका यहां के एक स्थानीय वेंडर को दिया गया था। रेलवे की नई खानपान नीति में मुख्य रेलवे स्टेशनों के भोजनालय व कैंटीन आदि का ठेका आईआरसीटीसी को दिए जाने का रास्ता खोला गया था। भोजनालय का ठेका गत 20 जुलाई को खत्म हो गया था। लेकिन रेलवे ने नई व्यवस्था होने तक इसे चार महीने के लिए बढ़ाते हुए 20 नवंबर तक कर दिया था। ठेका समय पूरा होने के बाद रेलवे ने अब इसे बंद करा दिया है। भोजनालय बंद होने के बाद यात्रियों को भोजन मिलने में दिक्कत होने लगी है। सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि भोजनालय का प्रबंधन आईआरसीटीसी को मिला है। आईआरसीटीसी अधिकारियों के मुताबिक दिसंबर माह में इसे शुरू कर दिया जाएगा।
खास बात
रेलवे ने आईआरसीटीसी को दिया भोजनालय का ठेका, दिसंबर में चालू होने की उम्मीद