गंगानगर। ग्रीन केयर सोसाइटी द्वारा आईआईएमटी विश्वविद्यालय के सहयोग से मेरठ लिटरेरी फेस्टिवल का आयोजन 24 नवंबर को होगा। इसमें देश-विदेश से साहित्यकार, लेखक, ज्योतिष, लोकला सहित सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
सोमवार को माल रोड स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय मैनेजमेंट कॉलेज में ग्रीन केयर सोसाइटी के संस्थापक डॉ. विजय पंडित ने बताया कि यह क्रांतिधरा मेरठ साहित्यिक महाकुंभ गंगानगर स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के प्रांगण में होने जा रहा है। मुख्य अतिथि राज्यपाल राम नाइक होंगे। इसके बाद पुस्तक प्रदर्शनी, समीक्षा, कवि सम्मेलन, मुशायरा, साहित्यिक और सामाजिक परिचर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रम व सम्मान समारोह होगा। 24 से 26 नवंबर तक चलने वाले इस फेस्टिवल में सार्क विश्वविद्यालय नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रो. राजीव कृष्ण सक्सेना, साहित्य अकादमी, केंद्र सरकार के पूर्व सदस्य डॉ. योगेंद्र नाथ शर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार- समालोचक डॉ. नामवर सिंह, डॉ. धनंजय सिंह, कवि डॉ. कुमार विश्वास, रक्षा विशेषज्ञ लेखक मेजर गौरव आर्या, संस्कृत अकादमी नई दिल्ली के उपाध्यक्ष डॉ. गणेश दत्त शर्मा, हिंदी अकादमी उत्तराखंड के निदेशक डॉ. सुशील उपाध्याय, साहित्यकार लक्ष्मण राव, कनाडा से सरन घई, नेपाल से बसंत चौधरी, अमेरिका प्राण जग्गी, नार्वे से सुरेंद्र चंद्र शुक्ल, हांगकांग डॉ. देश सुब्बा, भूटान से छत्रपति फुएल, हिमालिनी पत्रिका नेपाल की संपादक डॉ. श्वेता दीप्ति, नेपाल में भारतीय राज दूतावास के हिंदी व संस्कृति अधिकारी रघुवीर शर्मा सहित नेपाल से 50 सदस्यीय साहित्यकारों का प्रतिनिधिमंडल उपस्थित रहेगा। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता ने बताया कि मेरठ लिटरेरी फेस्टिवल में हिंदी, उर्दू, पंजाबी, भोजपुरी, मैथली, अंग्रेजी, नेपाली सहित अनेक भाषाओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संचालन अंतर्राष्ट्रीय लेखक कुमार पंकज करेंगे। वहीं कवि सम्मेलन का आयोजन 24 नवंबर की शाम बागपत रोड स्थित केएमसी कॉलेज आफ नर्सिंग एंड पैरा मेडिकल साइंसेज में होगा। समिति के महासचिव डॉ. राम गोपाल भारतीय, डॉ. यूनुस खान, ममता वार्ष्णेय, मधुर शर्मा, पूनम पंडित, प्रशांत कौशिक, राजेश शर्मा और विकास शर्मा आदि मौजूद रहेंगे।