मुनादी करा कर आरोपियों के घर कुर्की नोटिस चस्पा किए
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने खालापार बवाल में फरार चल रहे 24 आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बृहस्पतिवार को मुनादी करा कर उनके घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किए हैं, जिसमें तीन दिनों में कोर्ट में हाजिर नहीं होने पर घरों की संपत्ति कुर्क करने की चेतावनी दी गई है।
खालापार के कस्सावान में शहर कोतवाली पुलिस ने अवैध कटान की सूचना पर 27 जून को छापे की कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को पकड़ा था, जिस पर लोगों ने पुलिस पर हमला कर आरोपियों को छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। इस मामले में 15 नामजद सहित 25-30 अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने इस मामले में एक दर्जन से अधिक आरोपियों को जेल भेजा है, जबकि कुछ आरोपी कोर्ट में पेश हुए। अभी 24 आरोपी फरार हैं। बृहस्पतिवार को शहर कोतवाल संजीव कुमार ने खालापार पहुंच कर मुनादी करा कर कोर्ट के आदेश पर नौशाद, इमरान, माहन, सरताज, आदिल जिलानी, नाजिम, सलीम, बाबर, नंजू, शमशाद, नूर इलाही, शन्नू कुरैशी, हाजी सरफराज, अबरार, औसाफ, फरमान, नजर कुरैशी, सुऐब, यामीन, शाहिद, हाजी इनायत, मुंशी व तहसीन आदि आरापियों के घरों पर कुर्की नोटिस चस्पा किया है।
हाजी शेर की सेहत बिगड़ी
मुजफ्फरनगर। खालापार बवाल में जेल में बंद हाजी शेर की बृहस्पतिवार शाम को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसके चलते उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।