वन-वे और कट बंद, नतीजा जाम
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली रोड पर वन-वे व्यस्था और शहर में मुख्य स्थानों पर कट बंद होने से सोमवार को भी जाम की स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा भीषण जाम की स्थिति सोहराबगेट बस अड्ड और गढ़ रोड पर रही।
भैसाली बस अड्डा गढ़ रोड पर सोहराबेगट बस अड्डे में शिफ्ट हो चुका है। ऐसे में कांवड़ लेने शिवभक्त सोहराबगेट बस अड्डे से ही रोडवेज से हरिद्वार जा रहे हैं। रोडवेज की बसों का यह हाल है कि बस अड्डे में अंदर जगह कम पड़ गई। बस अड्डे के बाहर ही मेन रोड पर दोपहर के समय बसों की लंबी कतार लग जाती है। सोमवार को गढ़ रोड पर एक किमी लंबा जाम लग गया। बस अड्डे पर आने जाने वाली ई रिक्शा, यात्री जीप और अन्य वाहन भी जाम की चपेट में आए गये। शहर में दिल्ली रोड पर रेलवे रोड चौराहा और मेट्रो प्लाजा के सामने भी लंबा जाम लगा रहा।
कमिश्नर आवास चौराहा भी जाम
दिल्ली रोड पर हलके वाहन ही चल रहे हैं, जिसके चलते अन्य वाहनों की संख्या मेरठ-पौढ़ी मार्ग पर बढ़ गई है। इसके चलते कमिश्नर आवास चौराहा भी सोमवार को जाम की चपेट में आ गया। मवाना रोड पर गंगानगर थाने के पास और कसेरू बक्सर में भी जाम की स्थिति बनी रही। वहीं गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज और हापुड़ रोड पर एल ब्लॉक शास्त्रीनगर तिराहे पर भी लोग जाम से जूझते रहे।
खास बात
शहर में दिन भर लगा रहा जाम, गढ़ रोड पर लगी एक किमी लंबी वाहनों की कतार