आशीष की हत्या के बाद परिजनों को धमकाया
आशीष गुर्जर हत्याकांड
मैसेंजर पर वीडियो कॉल करके आरोपियों ने मांगी पांच लाख की रंगदारी
कंकरखेड़ा।
शोभापुर गांव में गोपी पारिया की हत्या के बाद दो पक्षों में शुरू हुई खूनी रंजिश थमने का नाम नहीं ले रही है। आशीष की हत्या के बाद अब आरोपी पक्ष ने उसके पिता को मैसेंजर पर वीडियो कॉल करके पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी है।
शोभापुर गांव में दलित व गुर्जर बिरादरी के दो परिवारों में रंजिश चल रही है। इसी के चलते बीते साल चार अप्रैल को गोपी पारिया पुत्र ताराचंद की हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने मनोज गुर्जर, आशीष गुर्जर, सुनील गुर्जर व कपिल चपराणा को जेल भेजा था। उसके बाद 15 दिसंबर को गोपी की हत्या का बदला लेने के लिए आशीष गुर्जर की हत्या कर दी गई थी। इसमें गोपी पारिया का भाई प्रशांत पारिया, पिता ताराचंद, मोहित, रोहित समेत पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 23 मार्च को आशीष के चचेरे भाई मोनू गुर्जर पुत्र सुभाष गुर्जर की हत्या कर दी गई। मोनू की हत्या में गोपी पारिया के रिश्तेदार विनय, ईशु, निशु व दीपक को पुलिस ने जेल भेजा। इन वारदात के बाद से गांव में पीएसी तैनात है। आशीष के पिता महकार सिंह को भी सुरक्षा दी गई है।
शुक्रवार को थाने पहुंचे आशीष के पिता ने इंस्पेक्टर एपी मिश्रा को बताया कि आरोपी पक्ष के लोग दूसरे बेटे जॉनी गुर्जर को मैसेंजर पर वीडियो कॉल करके जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने पांच लाख रुपये रंगदारी भी मांगी है। कुछ संदिग्ध युवक कार से उनका पीछा कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। इंस्पेक्टर एपी मिश्रा का कहना है कि मामला संज्ञान में है। जांच शुरू करा दी है।