अमर उजाला ब्यूरो
लावड़। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कस्बा स्थित भारतीय स्टेट बैंक शाखा में एक सप्ताह से कार्य नहीं होने पर और ग्राहकों से अभद्रता किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। काफी समझाने पर ही कार्यकर्ता शांत हुए।
पिछले एक सप्ताह से बैंक में इंटरनेट की समस्या बताकर लेन-देन बंद कर रखा था। शुक्रवार को विधायक प्रतिनिधि संजय गुप्ता कार्यकर्ताओं के साथ शाखा प्रबंधक से मिले। उन्होंने इंटरनेट की खराबी बताई। इस पर विधायक प्रतिनिधि ने दूरसंचार के कर्मचारियों को बैंक में बुलाया तो इंटरनेट की समस्या दूर कराई। जिस पर भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए और हंगामा कर दिया। विधायक प्रतिनिधि संजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि बैंक के कुछ कर्मचारी छुट्टी पर हैं। इंटरनेट की खराबी का बहाना बनाकर कामकाज ठप कर रखा था। बैंक में किसान और व्यापारी लगातार चक्कर काट रहे हैं, लेकिन इसके बाद समस्याओं की अनदेखी कर रहे थे और उनसे अभद्रता की जा रही थी। इसकी शिकायत जनपद के आला अधिकारियों और बैंक के अधिकारियों से की जाएगी। इस संबंध में बैंक मैनेजर प्रतीश सिंह का कहना है कि इंटरनेट की खराबी थी। जिसके चलते कामकाज नहीं हो रहा था। आज ही इंटरनेट ठीक हुआ है। अभद्रता करने का आरोप निराधार है।
मुख्य बातें
इंटरनेट में खराबी बताकर एक सप्ताह से कामकाज ठप करने का लगाया आरोप