मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 को आ सकते हैं मेरठ
मंडल के उद्यमियों के निवेशक सम्मेलन को करेंगे संबोधित
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 फरवरी को मेरठ आ सकते हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार उनके आने का कार्यक्रम लगभग तय हो चुका है, सिर्फ अधिकारिक कार्यक्रम आना बाकी है। मुख्यमंत्री मेरठ में मंडल के उद्यमियों के साथ आयोजित इन्वेस्टर समिट में भाग लेंगे।
लखनऊ में पिछले साल आयोजित इन्वेस्टर समिट में मेरठ मंडल के भी उद्यमियों के कई प्रस्ताव स्वीकृत हुए थे। इस दौरान उद्यमियों ने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कई प्रस्ताव भी सरकार को सौंपे थे। अब मुख्यमंत्री स्वयं मंडल स्तर पर उद्यमियों के बीच जाकर उन्हीं मसौदों पर स्थानीय स्तर पर वार्ता कर रहे हैं। विश्वकर्मा इंडस्ट्रीयल एरिया के अध्यक्ष कमल ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की सूचना उन्हें मिल चुकी है। इसके लिए मेरठ के तमाम उद्यमियों के साथ ही मेरठ मंडल के उद्यमियों से भी वार्ता करेंगे, ताकि मेरठ मंडल में औद्योगिक वातावरण तैयार हो सके।