छपरौली(बागपत)। मंगलवार की रात में छपरौली पुलिस की टीम क्षेत्र के गांव टांडा में नौशाद नामक युवक को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर में दबिश दी। परिजनों ने गिरफ्तारी का विरोध किया तो आरोप है कि इसी दौरान पुलिस की पिटाई से नौशाद की मां की मौत हो गई और उसकी तीन बहनें घायल हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजन और पुलिस महिला का शव और घायलों को लेकर जिला अस्पताल में पहुंची। सूचना पर एएसपी भी जिला अस्पताल में पहुंचे। एएसपी ने कहा महिला की हार्ट अटैक से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही खुलासा हो पाएगा। मामले को लेकर देर रात तक जिला अस्पताल में होता रहा।
कोर्ट से एक मामले में गिरफ्तारी के वारंट जारी होने के बाद छपरौली पुलिस की टीम मंगलवार रात को क्षेत्र के गांव टांडा में नौशाद को पकड़ने गई थी। इस दौरान परिजनों ने गिरफ्तारी का विरोध किया। नौशाद के भाई शादाब ने बताया कि पुलिस ने घर में घुसते ही मारपीट शुरू कर दी। कुछ पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को रायफल के बट भी मारे। इससे नौशाद की मां शकीला (55) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस की पिटाई से उसकी बहन रीना, शमीना व बुशरा घायल हो गईं। ग्रामीणों के एकत्र होने और हंगामा करने के बाद पुलिस परिजनों के साथ-साथ मृतका और उसकी तीनों बेटियों को जिला अस्पताल ले आई। इनके साथ ग्रामीण भी आ गए। पुलिस ने घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों और पुलिस से घटना की जानकारी ली। एएसपी ने बताया कि महिला की मौत हार्टअटैक से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।