अतिक्रमण पर सख्त हुए एएसपी, चला डंडा
मेरठ। अतिक्रमण और बीच सड़क पर लालकुर्ती में पैठ लगाने पर एएसपी कैंट सोमवार को सख्त हो गए। एसएसपी ने तीनों थाना प्रभारियों से अतिक्रमण को लेकर रिपोर्ट मांग ली।
एएसपी कैंट सतपाल सिंह और इंस्पेक्टर लालकुर्ती बिरेंद्र सिंह ने सोमवार को लालकुर्ती में मुख्य मार्ग पर सड़क के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटवाया। सड़क पर अवैध तरीके से लगे ठेेले, फड़ और अन्य वाहनों को हटवाया। उसके बाद जीरो माइल चौराहे से लेकर बेगमपुल तक भी सड़क के दोनों तरफ से अतिक्रमण हटवाया। लालकुर्ती पैठ बाजार में सड़क पर फड़ लगाने वाले लोगों को पुलिस ने सख्त निर्देश दिए है कि यदि पुलिस को बीच सड़क पर फड़ या ठेले मिले तो पुलिस सामान को जब्त कर थाने भेज देगी। उसके बाद पुलिस ने लालकुर्ती पैठ बाजार में भी अतिक्रमण हटवाया। एएसपी का कहना है कि लालकुर्ती पैठ बाजार, जीरो माइल, बेगमपुल चौराहा और दिल्ली रोड पर बेतरतीब वाहनों के खड़े होने से भी जाम की समस्या बनती है। एएसपी ने कहा कि यदि किसी भी चौकी इंचार्ज के क्षेत्र में सड़क पर अतिक्रमण मिला तो रिपोर्ट सीधे एसएसपी को भेज दी जाएगी।
खास बातें:
लालकुर्ती पैठ और दिल्ली रोड पर अतिक्रमण पर पुलिस ने की कार्रवाई