बेगमपुल डिवाइडर हुआ अतिक्रमण मुक्त
मेरठ।
कैंट बोर्ड और प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को बेगमपुल डिवाइडर को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। कई साल से यहां लोग झुग्गी बनाकर रह रहे थे। बेगमपुल से जीरो माइल तक बने इस डिवाइडर को अब कैंट बोर्ड नया लुक देगा।
बेगमपुल से जीरो माइल तक बने डिवाइडर के कुछ हिस्से को सुंदर पार्क बनाने के इरादे से छोड़ा गया था। पार्क तो यहां बन नहीं पाया, लेकिन खानाबदोश लोगों ने डिवाइडर पर झुग्गी बनाकर रहना शुरू कर दिया। बुधवार को एडीएम सिटी मुकेश चंद्र ने कैंट बोर्ड के सीईओ आलोक गुप्ता से इसको लेकर बात की थी। बृहस्पतिवार को एडीएम सिटी मुकेश चंद्र और कैंट सीईई अनुज सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने झुग्गी हटाने को कहा तो महिलाएं भिड़ गईं और कहा कि उनका कहीं घर नहीं है, ऐसे में वे कहां जाएंगी। इस पर कैंट सीईई अनुज सिंह ने उनको हाट बाजार में जगह दिलाने का आश्वासन दिया। इन परिवारों का सामान हाट बाजार में रखवाकर डिवाइडर को अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया। अब इस डिवाइडर को संवारा जाएगा। इसके साथ ही आबूलेन के एंट्री प्वाइंट का भी सुंदर बनाया जा रहा है। डिवाइडर पर फिर अतिक्रमण न हो इसको लेकर एडीएम ने बेगमपुल चौकी इंचार्ज को निर्देश दिए हैं।
वार्ड नंबर तीन में चला सफाई अभियान
कैंट बोर्ड के स्वच्छता फ्लीट दस्ते ने बृहस्पतिवार को वार्ड नंबर तीन में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान वार्ड नंबर तीन से सदस्य कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने लोगों की समस्याएं जानकर उनका हल कराया। कैंट बोर्ड की टीम की तरफ से हेल्थ कैंप का भी आयोजन किया गया। वार्ड में टूटी सड़कों की मरम्मत करा दी गई। गंदी दीवारों पर रंगाई पुताई कराई गई। पेड़ों को छांटकर ठीक किया गया। जो भी लाइटें खराब पड़ी थीं, उन्हें ठीक करा दिया गया। शाम को कैंट बोर्ड उपध्यक्ष बीना वाधवा, कैंट बोर्ड सीईई अनुज सिंह, सफाई अधीक्षक वीके त्यागी ने सोफिया स्कूल के आसपास दौरा कर दिन में साफ किए नाले और फव्वारों आदि का निरीक्षण किया। उपाध्यक्ष बीना वाधवा का कहना है कि कैंट बोर्ड का स्वच्छता फ्लीट दस्ता सभी वार्डों में जाकर लोगों की समस्याएं हल कर रहा है। टूटी सड़कें भी बन चुकी हैं। 31 मार्च तक बाकी काम भी पूरा हो जाएगा।