राजस्व वसूली में लगे अधिकारी, उपभोक्ता परेशान
मेरठ। पीवीवीएनएल अधिकारी राजस्व वसूली में लगे हैं, वहीं उपभोक्ता परेशान हो रहे हैं। लोग अपने कार्य के लिए पीवीवीएनएल की डिविजनों और सब डिविजनों में जा रहे हैं लेकिन वहां कभी अधिकारियों के तो कभी कार्य से संबधित कर्मचारियों के नहीं होने का बहाना बनाया जा रहा है। मौजूद कर्मचारी यह कहकर लोगों को टरका रहे है कि वित्तीय वर्ष का आखिरी महीना चल रहा है। इस समय केवल राजस्व से संबंधित कार्य ही किए जा रहे हैं।
लिसाड़ी गेट निवासी मोहम्मद यूनुस नए कनेक्शन के लिए सब डिविजन गए तो वहां से यह कहकर लौटा दिया गया कि अभी सब अधिकारी व कर्मचारी राजस्व वसूली में लगे हैं। अगले महीने आ जाना, काम कर दिया जाएगा। वहीं मोहल्ला पूर्वा महावीर निवासी शमशुद्दीन उर्फ भूरा ने खराब मीटर बदलने की शिकायत सब डिविजन पर की तो उसका काम नहीं हुआ। भूरा शिकायत के तीन दिन बाद फिर पहुंचा तो बताया कि सभी लोग राजस्व वसूली में लगे हैं, अगले महीने ही काम हो सकेगा।
विभागीय व विजिलेंस टीम दौड़ रही फील्ड में
बिजली चोरी रोको विशेष अभियान और बकाया बिल वसूली के लिए विभागीय टीम के साथ ही विजिलेंस टीम भी संयुक्त रूप से काम कर रही है। ये टीम जहां बिजली चोरी पकड़ रही हैं वहीं बड़े बकायेदारों के कनेक्शन भी काट रही हैं।
20 हजार करोड़ राजस्व का लक्ष्य
पीवीवीएनएल को 20 हजार करोड़ राजस्व का लक्ष्य मिला हुआ है। पिछले वित्तीय वर्ष में कंपनी ने 14 हजार करोड़ रुपये का राजस्व हासिल किया था। अधिकारी इस बढ़े लक्ष्य को पूरा करने में दिन-रात लगे हैं। बड़े बकायेदारों से वसूली की जा रही है। नहीं देने वाले के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। बिजली चोरों पर भी गाज गिराई जा रही है। कटिया कनेक्शन से बिजली चलाने वाले को कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
राजस्व वसूली के साथ ही ऑफिस में आने वाले सभी लोगों के काम तुरंत करने के निर्देश दिए गए हैं। अगर किसी सब डिविजन में ऐसा हो रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। आशुतोष निरंजन, एमडी पीवीवीएनएल मेरठ
खास बातें:
पीवीवीएनएल अधिकारियों के नहीं मिलने पर लोगों के नहीं हो पा रहे काम