आफिस के अंदर पहुंचकर फाइल पास कराने का बनाया दबाव
मेरठ।
खुद को भाजपा नेता बताने वाले एक युवक ने फाइल पर साइन नहीं करने पर एआरटीओ श्वेता वर्मा को सत्ता की धमकी देते हुए अभद्रता की। हंगामे के बाद आरटीओ कर्मचारी आफिस में पहुंच गए तो युवक वहां से चला गया। आरटीओ को जानकारी देने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को रवि भड़ाना नाम का एक युवक एआरटीओ श्वेता वर्मा के कक्ष में पहुंचा और कार्य की फाइल पर हस्ताक्षर करने को कहा। श्वेता वर्मा ने काउंटर पर जाकर काम कराने को कहा तो उसने अपने को भाजपा नेता बताते हुए सत्ता की हनक दिखाई। श्वेता वर्मा के सख्ती से मना करने के बाद युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके चलते आरटीओ कर्मचारी भी कक्ष में आ गए और युवक को बाहर करने लगे। इसी बीच युवक के पक्ष में आए कुछ दलाल कर्मचारियों पर आरोप लगाने लगे। कर्मचारियों द्वारा पुलिस बुलाने की बात कहने के बाद युवक वहां से चला गया। एआरटीओ श्वेता वर्मा ने बताया कि रवि भड़ाना नाम के युवक ने फाइल पास नहीं करने पर अभद्रता की। आरटीओ डॉ. विजय कुमार के बाहर होने पर कार्रवाई नहीं की गई। उनके आने पर उन्हें मामले से अवगत कराया जाएगा।