मेरठ। आजकल पुरुषों के साथ महिलाएं भी पूरे प्रोत्साहन के साथ ड्राइव कर रही हैं। टू व्हीलर्स चलाने में युवतियों का आंकड़ा युवकों से कम नहीं हैं। पर इसके साथ ही सबसे महत्वपूर्ण है सेफ ड्राइविंग। अमूमन देखा जाता है कि युवाओं को गाड़ी चलाने का जुनून तो होता है, लेकिन सेफ्टी के नाम पर जानकारी न के बराबर होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए होंडा ने उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, बरेली, वाराणसी, कानपुर, आगरा, मेरठ व लखनऊ में युवतियों के लिए सेफ्टी अभियान शुरू किया है।
तीन-तीन दिन के लिए कॉलेजों में लड़कियों को दुपहिया वाहनों को चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हर जगह में तीन दिन में 90 लड़कियों के लिए यह खास प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए हाेंडा ने बाकायदा अपने ट्रेनर्स भी भेजे हैं, जो एक दिन में 30 लड़कियों को सेफ ड्राइविंग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। सोमवार को आयोजन एमआईईटी कॉलेज में हुआ। कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. मयंक, वाइस चेयरमैन डॉ. पुनीत अग्रवाल, एसोसिएट प्रोफेसर व हेड डॉ. वैशाली गोयल, डॉ. संदीप कपूर, डॉ. अजय चौधरी व होंडा की ओर से डॉ. रविंदर मौजूद रहे। होंडा इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में युवतियों से एक शपथ दिलवा रहा है कि अब वे ड्राइविंग करते वक्त पूरी सावधानी रखेंगे। सेफ्टी गियर का प्रयोग भी करेंगी।