मेरठ। मेरठ सिटी स्टेशन एयरपोर्ट की तरह चमकता दिखाई देगा। रेल बजट 2018-19 में मॉडल रेल स्टेशनों में शामिल किए गए 600 स्टेशनों में मेरठ सिटी को भी शामिल किया गया है। सिटी स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं में इजाफा होगा।
मेरठ सिटी स्टेशन उत्तर रेलवे के आदर्श स्टेशनों में शामिल है। दिल्ली के नजदीक एनसीआर में होने के चलते रेलवे की इस स्टेशन पर विशेष नजर है। दिल्ली स्थित स्टेशनों पर बढ़ते रेलवे के बोझ को कम करने के परिप्रेक्ष्य में भी इस स्टेशन के विस्तार का खाका भी रेलवे खींच रहा है। फिलहाल बृहस्पतिवार को घोषित रेल बजट 2018-19 में देश के 600 रेलवे स्टेशनों को मॉडल बनाने की घोषणा हुई है। इस सूची में मेरठ सिटी स्टेशन भी शामिल है। मॉडल स्टेशनों पर मिलने वाली सुविधाओं को देखे तो एयरपोर्ट की तर्ज पर स्टेशनों का विकास किया जाता है। स्टेशन के प्लेटफार्म से लेकर शौचालय तक को विशेष टाइलों से सुसज्जित किया जाएगा। सभी प्लेटफार्म पर एस्केलेटर व लिफ्ट की सुविधा होगी। साथ ही पीने का पानी, खाद्य सामग्री और कैंटीन के अलावा आधुनिक सुविधाओं से युक्त अस्पताल आदि भी होंगे।
टर्मिनल बनता तो मिलती नई ट्रेनें
मेरठ सिटी स्टेशन को मॉडल स्टेशन के साथ ही अगर टर्मिनल बनाया जाए तो न केवल दिल्ली के स्टेशनों पर बढ़ रहा रेलवे यातायात का बोझ कम किया जा सकता है बल्कि यहां के लोगों को भी अतिरिक्त ट्रेन मिलने से सफर करने में आसानी होगी। रेलवे ने हाल ही में दिल्ली स्थित आनंद विहार और ब्रजवासन टर्मिनल बनाए हैं, लेकिन इससे ट्रेनों का बोझ दिल्ली से कम नहीं हो सका है। रेलवे को इस दिशा में मेरठ सिटी, गाजियाबाद, फरीदाबाद, रोहतक आदि में टर्मिनल बनाकर रेल यातायात को सुगम करना होगा।
वाईफाई की मिल रही सुविधा
सिटी स्टेशन पर पहले से ही वाईफाई की सुविधा मिल रही है। एक एस्केलेटर और दो लिफ्ट भी लगाई जा चुकी है। हालांकि एस्केलेटर लोकार्पण के बाद भी बंद पड़ा है। सिटी स्टेशन पर कई सुविधाएं पहले से ही मिल रही हैं। कुछ सुविधाएं मिलते ही यह मॉडल हो जाएगा।