छह दुकानों में लगी आग, 6 लाख का माल जला
मुरादनगर। आयुध निर्माणी परिसर स्थित पैठ बाजार सब्जी मार्केट में रविवार रात छह दुकान में भीषण आग लग गई। आग में करीब छह लाख रुपये का माल जल गया। मौके पर पहुंची तीन दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आरोप है कि किसी ने जान बूझकर दुकानों में आग लगाई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
आयुध निर्माणी परिसर स्थित पैठ बाजार सब्जी मार्केट में प्रवीन मित्तल, अंकित मित्तल निवासी राधेश्याम विहार कालोनी फलों का काम करते है। बिजेंद्र निवासी विजयनगर गाजियाबाद गर्म मसाले, वीर महेंद्र निवासी उखलारसी पूजा सामग्री, अरविंद निवासी गुप्ता मार्केट गुड़ और फरीद निवासी कस्बा गर्म मसाले की दुकान करते हैं। रविवार रात करीब एक से दो बजे के बीच अचानक दुकानों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग विकराल हो गई। किसी राहगीर ने निर्माणी सिक्योरिटी को आग की सूचना दी। सूचना मिलते ही निर्माणी की तीन दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में करीब छह लाख रुपये कीमत का सामान जलकर खाक हो गया। मौके पर पहुंचे दुकानदारों का कहना है कि दुकान अस्थायी है और किसी ने जान बूझकर उनकी दुकानों में आग लगाई है। आग में प्रवीन, अंकित का दो लाख, बिजेंद्र का पचास हजार, वीर महेंद्र, फरीद का डेढ़ लाख और अरविंद का तीस हजार रुपये का सामान जला है।