टक्कर मारने वाला छोटा हाथी का चालक फरार, रिपोर्ट दर्ज
मेरठ। हापुड़ रोड पर बुधवार को छोटा हाथी की टक्कर से घायल स्कूटी सवार व्यापारी की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पंचशील कालोनी, गढ़ रोड निवासी प्रवीण गोयल (39) बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे किसी काम से स्कूटी से बेगमपुल जा रहे थे। जब वह हापुड़ रोड पर गुलमर्ग सिनेमा के पास पहुंचे तो पीछे से आए छोटा हाथी ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। उनके सिर में गहरी चोट लगी थी। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 उनकी मौत हो गई। व्यापारी के परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन प्रदीप गोयल के अनुसार प्रवीण डाकघर में एजेंट का भी काम करते थे। परिवार में पत्नी शालिनी और दो बेटे हैपी और मनु हैं। प्रवीण के तीन भाई हैं। मौत की सूचना पर परिचित और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। सिविल लाइन थाना पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, परिजनों ने बताया कि घटना के वक्त ही लोगों ने टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक को पकड़ लिया था। लोग घायल प्रवीण को अस्पताल भर्ती कराने गए, तब भी चालक उनके साथ था। लेकिन इसी बीच वह मौका देखकर भाग गया। वाहन पुलिस के कब्जे में हैं।