ठेकेदार से दो लाख की रंगदारी मांगी
दौराला। नगर पंचायत के एक ठेकेदार ने गन्ना परिषद के चेयरमैन एवं भाजपा सभासद पति पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने तथा सरकारी उपकरणों को आग लगाने की धमकी दी। पीड़ित ठेकेदार ने आरोपियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, चेयरमैन ने तालाब में हो रही खुदाई की शिकायत डीएम और मुख्यमंत्री से की है।
दौराला कस्बा स्थित दयानंदपुरी निवासी वेदप्रकाश नगर पंचायत में ठेकेदारी करता है। उसके पास कस्बा स्थित तालाब की सफाई का ठेका है। आरोप है कि 25 जून को मजदूर तालाब की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान दौराला गन्ना परिषद के चेयरमैन रविंद्र अहलावत एवं वार्ड 12 के सभासद पति सूरज अहलावत मजदूरों के पास पहुंचे और वीडियो बनाकर दबाव बनाने लगे। उन्होंने विरोध किया तो मारपीट करते हुए निर्माण रुकवा दिया तथा पिस्टल तान दी। इस दौरान वीडियोग्राफी कर आरोपियों ने अवैध खनन का आरोप लगाया। वहीं, दो लाख रुपये की मांग की। उन्होंने नहीं देने पर ठेकेदार को सरकारी मशीनरी को आग लगाने की धमकी दी। इससे ठेकेदार के परिवार में दहशत है। पीड़ित ने पुलिस से जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, चेयरमैन रविंद्र अहलावत ने कहा कि आरोप निराधार है। तालाब में अवैध खनन किया जा रहा है। इसकी शिकायत पोर्टल पर मुख्यमंत्री से की गई है। तालाब से निकाली गई मिट्टी चारागाह में डाली जा रही थी। यह मुकदमा स्थानीय राजनीति के चलते दर्ज किया गया है। इस बारे में शनिवार शाम को जिला बार सदस्यों के साथ मिलकर एसएसपी को अवगत करा दिया है।
वर्जन
ठेकेदार की तहरीर पर गन्ना परिषद के चेयरमैन रविंद्र अहलावत व सभासद पति सूरज के खिलाफ रंगदारी मांगने एवं सरकारी काम में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -रितेश कुमार एसओ दौराला