व्यापारियों ने मवाना एवं फलावदा चौकी इंचार्ज की शिकायत की
मवाना। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को सीओ से मिला। सदस्यों ने व्यापार मंडल के सदस्य मुनिश्वर बंसल के प्रतिष्ठान पर शनिवार को पुलिस चौकी मवाना इंचार्ज दौलतराम मीणा एवं फलावदा पुलिस चौकी के एसआई पवन मलिक द्वारा दहेज के मुकदमे में नाबालिग पुत्र से मारपीट पर कड़ी नाराजगी जताई। कार्रवाई नहीं होने पर आला अधिकारियों से मिलकर शिकायत करने की चेतावनी दी। इस बाबत सीओ ने फलावदा थानाध्यक्ष को कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
वहीं, संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ यूएन मिश्र से मुलाकात की। उन्हें बताया कि पांच वर्ष पूर्व महलका की युवती की शादी दिल्ली निवासी युवक से हुई। विवाह के बाद से उनमें अक्सर मारपीट होती रहती है। कई बार पुलिस की मौजूदगी में फैसला भी हो चुका है। वहीं, लड़की पक्ष द्वारा छह लोगों के खिलाफ झूठ बोलकर रिश्ता कराने का आरोप लगाया है। इनमें मुनिश्वर बंसल का नाम भी शामिल है। वहीं, मुनिश्वर बंसल का कहना है कि वह इस रिश्ते में शामिल नहीं थे। उनका नाम गलत लिया जा रहा है। हालांकि रिपोर्ट में उसका पता दिल्ली का लिखाया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि शनिवार को मुनिश्वर बंसल की दुकान पर पुलिस चौकी मवाना इंचार्ज दौलतराम मीणा एवं फलावदा पुलिस चौकी के एसआई पवन मलिक पहुंचे। उन्होंने वहां नाबालिग पुत्र से मारपीट की तथा उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने दोनों चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर आला अधिकारियों से शिकायत करने की चेतावनी दी। इस दौरान शैवाल दुबलिश, मौ. नदीम, राजवीर चौधरी, राजू गिरधरवाल, दीपक गुप्ता, वीरसैन चौहान, मुनिश्वर बंसल, असजद, रिहान, यामीन, दीपक बजाज, सलीम बाबर, विकास सैनी, सोनू सूर्या, मांगेराम मित्तल, संजय रस्तोगी, अनुभव दुबलिश, मनु रस्तोगी, तुषार रस्तोगी, गौरव रस्तोगी, जिया उलहक, मो. जकी, जावेद सैफी आदि व्यापारी रहे।
मैली की बदबू से परेशानी
प्रतिनिधिमंडल ने सीओ से शिकायत की कि मवाना शुगर वर्क्स की मैली ढोई जाने से फलावदा, हस्तिनापुर एवं मिल रोड के व्यापारी बदबू से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि मैली ढोने वालों को चेताया जाए कि सुबह-शाम ही मैली ढोने का काम किया जाए। जिससे लोगों को राहत मिल सके। वहीं, नगर में लगने वाले जाम से तत्काल निजात दिलाई जाए।