टूटी फेंसिंग, खुले में रखे ट्रांसफार्मर
सरधना। सरधना में विद्युत निगम की लापरवाही के चलते कोई बड़ा हादसा हो सकता हैं। ट्रांसफार्मर के चारो ओर की गई फेंसिंग टूट गई है। वहीं कुछ स्थानों पर अतिक्रमण किया जा रहा है। ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी से कई बार आग लगने की घटना हो चुकी हैं। लोगों के मुताबिक बरसात के समय इस तरह से कोई भी बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
नगर में कई स्थानों पर खुले में विद्युत ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। कुछ दिन पूर्व ट्रांसफार्मरों पर फेंसिंग कराई गई थी। वह लापरवाही के चलते टूट गई है। वहीं पुलिस चौकी बस स्टैंड के पास ट्रांसफार्मरों के सहारे फल व सब्जी विक्रेताओं ने दुकान लगाई हुई हैं। जिसके चलते कोई बड़ा हादसा हो सकता हैं। मोहल्ला भाटवाड़ा में खुले में ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। जिससे कई बार हादसे हो चुके हैं। मोहल्ला निवासी माजिद, गुलजार, रुचि व महकार ने बताया कि यदि विद्युत निगम ने बरसात से पूर्व इस समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया तो बरसात में हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। उधर तहसील रोड पर कुमार पैलेस के निकट भी ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। जिस पर हाल ही में फेंसिंग कराई गई थी जोकि टूट चुकी हैं। छबड़िया मोड़ पर भी विद्युत ट्रांसफार्मर के चारों तरफ घास उगी है जिससे हादसा हो सकता है।
मामला संज्ञान में नहीं
मामला मेरे संज्ञान में नहीं है, इस संबंध में जांच कराकर कार्रवाई कराई जायेगी। ट्रांसफार्मर के आसपास से अतिक्रमण हटवाया जायेगा। कुमार अनिकेेत, एसडीओ सरधना विद्युत निगम