भाकियू कार्यकर्ताओं की आंदोलन की चेतावनी
मवाना। भाकियू कार्यकर्ताओं ने बहसूमा क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं आदि समेत पां सूत्रीय ज्ञापन प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पुलिस क्षेत्राधिकारी मवाना को दिया। समस्याओं का समाधान जुलाई के दूसरे सप्ताह तक नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पुलिस क्षेत्राधिकारी यूएन मिश्र को सौंपा। जिसमें उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी रजवाहों में टेल तक पानी पहुंचाया जाए ताकि किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके। क्षेत्र में लगातार होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए तथा चोरी की पुरानी घटनाओं का खुलासा किया जाए, बरसात होने तक क्षेत्र में बिजली कटौती को बंद किया जाए, क्योंकि किसान बर्बाद होने के कगार पर हैं।
गन्ना मूल्य भुगतान यदि जुलाई के पहले सप्ताह तक मय ब्याज के नहीं होता है तो भाकियू बड़ा आंदोलन करेगी। आवारा पशुओं से निजात दिलाई जाए। समस्याओं का समाधान जुलाई के दूसरे सप्ताह तक नहीं होने पर बडे़ आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में जिला उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह, तहसील अध्यक्ष डॉ. अभय प्रधान, अरविंद शर्मा, अजय भड़ाना, महाराज सिंह, अनुज भूरा, विजय ढाका, अनुज चौधरी आदि थे।