राजकुमार की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
फलावदा। ग्राम महलका के जंगल में सोमवार को हुई राजकुमार उर्फ बिल्लू की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्णपाल को शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। कृष्णपाल की निशानदेही से घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर जेल भेज दिया।
गांव चिंदौड़ी निवासी राजकुमार उर्फ बिल्लू (45) की पांच दिन पूर्व रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय वह खेत में बेटे वंश तथा बहन ओमवती के साथ काम कर रहा था। पुत्र और बहन दोनों ने किसी तरह भागकर जान बचाई थी। मृतक के ससुर हापुड़ निवासी राजकुमार द्वारा आरोपी रणवीर पुत्र तेजराम, कृष्णपाल पुत्र रणवीर, राहुल उर्फ मिट्ठू पुत्र नेपाल, महेंद्री पत्नी रणवीर, अंकुश पुत्र संजय, पूनम पत्नी मदन, शिवम तथा एक अज्ञात को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी कृष्णपाल पुत्र रणवीर को महलका चिंदौड़ी मार्ग से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा, एक कारतूस तथा खोखा बरामद कर जेल भेज दिया। पुलिस नामजद आरोपी महेंद्री पत्नी रणवीर, पूनम पत्नी मदन को पहले ही जेल भेज चुकी है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी मुकेश कुमार का कहना है कि तीन आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।