ब्यूटी पार्लर संचालिका ने की अफसरों से शिकायत
पुलिस पर लगाया अपहरण की धमकी देने वालों को छोड़ने का आरोप
मेरठ। दबंगों की धमकियों से परेशान ब्यूटी पार्लर संचालिका ने मंगलवार को पुलिस ऑफिस पर हंगामा काटा। महिला का आरोप था कि उसके साथ मारपीट करने और बच्ची को अगवा करने की धमकी देने वालों को पुलिस बचाने का काम कर रही है।
जयदेवी नगर निवासी आशा ने बताया कि वह नौचंदी क्षेत्र में ब्यूटी पार्लर चलाती है। अक्सर पार्लर के समीप रहने वाले दो युवक उल्टी-सीधी हरकतें करते रहते हैं। 16 जून को उसने युवकों की हरकतों का विरोध किया तो वह दबंगई पर उतर आए। दोनों ब्यूटी पार्लर में घुस गये और वहां उसके व उसकी बेटी के साथ मारपीट की। जाते-जाते दोनों ने उसकी बेटी के अपहरण की धमकी तक दे दी। उसने कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस वहां आयी और दोनों आरोपियों को लेकर थाने आ गई। महिला का आरोप है कि कुछ देर बाद ही पुलिस ने सेटिंग करते हुए दोनों आरोपियों को थाने से छोड़ दिया। यही नहीं पुलिस ने उसकी डाक्टरी तक नहीं कराई। उसने इसका कारण पूछा तो थाने से फटकार कर उसे निकाल दिया गया। महिला का कहना है कि अब उसे अपनी व अपने परिवार की सुरक्षा का डर सता रहा है। पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई है। मामले की जांच नौचंदी पुलिस को सौंपी गई है। महिला को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।