जलापूर्ति को लेकर नौचंदी परिसर में टंकी पर दिया धरना
- जल निगम ने बनायी थी पानी की टंकी और भूमिगत जलाशय
- हैंडओवर करने की कार्यवाही पूरी, फिर भी सूखा पड़ा जलाशय
- इस जलाशय से छह वार्डों में पहुंच सकता है गंगाजल
मेरठ। नौचंदी मैदान में पानी की टंकी, भूमिगत जलाशय बनने के बाद से अब तक पानी की सप्लाई न किए जाने से नाराज लोगों ने वार्ड पार्षद के नेतृत्व में मंगलवार को टंकी परिसर में धरना दिया। साथ ही जलाशय को गंगाजल पाइप लाइन से जोड़ने की मांग की।
पार्षद गफ्फार अहमद ने कहा कि नौचंदी मैदान ही नहीं बल्कि गोलाकुंआ, शास्त्रीनगर सेक्टर 12 में जल निगम ने जेएनएनयूआरएम योजना के तहत पानी की टंकी और भूमिगत जलाशय बनाए थे। जल निगम ने मिलीभगत करके जलकल विभाग को जलाशय हैंडओवर कर दिया है, लेकिन छह साल में जलाशय और ओवरहेड टैंक तक पानी नहीं पहुंच पाया है। लाखों रुपये से लगाए गए उपकरण जंग खा गए हैं। अब न तो जल निगम जलाशय को गंगाजल पाइप लाइन से जोड़ने को तैयार है और न ही नगर निगम जल कल विभाग इसे चलाने को तैयार है। जबकि अगर ये जलाशय गंगाजल पाइप लाइन से जोड़ दिए जाएं तो शहर के आधा दर्जन से अधिक वार्डों को गंगाजल मिलेगा। साथ ही भूगर्भ जल दोहन भी बंद होगा। इस संबंध में इन्होंने कमिश्नर को ज्ञापन भेजा है। धरना देने वालों म्रें इदीश, शहजाद, राशिद, जरीना, गुडडू आदि सहित काफी लोग रहे।