अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। तहसील मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस, राजस्व, शिक्षा, एवं स्वास्थ्य विभाग से 84 संबधित शिकायतें आईं। इनमें से किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। वहीं पेंडिंग 25 शिकायतों में से 15 का निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में सलावा के ग्रामीण मोनू, अमित, सुरेश आदि ने कुछ किसानों पर कूड़ी खत्ते की जगह अपने खेत में मिलाने की शिकायत की। समाधान दिवस में आईं कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने इस संबंध में तहसीलदार व थानाध्यक्ष सरधना को मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए कहा। मेहरमती गणेशपुर निवासी फखरुद्दीन, रामपाल, जीत सिंह, राकेश, वेदपाल आदि ने चक पैमाइश कराकर रकबा पूरा कराने की मांग की। अटेरना निवासी सत्यवीर पुत्र जयवंत ने बताया कि उसके हिस्से की भूमि पर उसके ही कुटुंब के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया हैं। उसके नलकूप पर भी कब्जे का प्रयास किया जा रहा हैं। विरोध पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। इस पर आईजी जोन रामकुमार ने थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर को मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। छुर निवासी ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ शिकायती पत्र देते हुए कहा कि चकरोड में विद्युत पोल गाड़ दिया है, इस कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया हैं। दबथुवा निवासी जगबीर पुत्र मोहनलाल, दबथुवा निवासी सविता व झिटकरी निवासी बबीता ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान बनवाने की मांग की। रार्धना निवासी मायावती पत्नी बबलू उर्फ रमेश ने सड़क हादसे के मामले में कार्रवाई की मांग की। सलावा निवासी संजय कुमार पुत्र बबलू, मोहल्ला खेवान निवासी महिलाओं ने मोहल्ले में अवैध शराब की बिक्री की शिकायत की। इस दौरान एसडीएम अमित कुमार भारतीय,तहसीलदार अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष धर्मेद्र सिंह राठौर भी मौजूद रहे।