एसडीएम से मिलने पहुंचे सपाई, कार्यालय का घिराव किया
सरधना। दौराला थाना क्षेत्र के शाहपुर जदीद गांव में दो पक्षों में मामूली मारपीट के मामले में एक पक्ष से एक युवक का शांति भंग में पुलिस ने चालान किया। एसडीएम ने युवक की जमानत नहीं ली ओर उसको जेल भेज दिया गया। इस मामले में सोमवार को सपा नेता अतुल प्रधान समर्थकों संग एसडीएम से मिलने पहुंचे, एसडीएम न मिलने पर सपाई कार्यालय का घिराव करते हुए बैठ गए।
सपा नेता अतुल प्रधान व सपा विधान सभा अध्यक्ष सैय्यद मुमताज अली के नेतृत्व में काफी संख्या में सपाई तहसील मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान वह एसडीएम अमित कुमार भारतीय से मिलने उनके चेंबर में पहुंचे। वहां पर उन्हें एसडीएम नहीं मिले। जिस पर सपाई कार्यालय का घिराव करते हुए बैठ गए। अतुल प्रधान के मुताबिक दौराला थानाक्षेत्र के शाहपुर जदीद गांव में रविवार को दो पक्षों में कुछ कहासुनी हो गई थी, मामला इतना बडा नहीं था, दौराला पुलिस ने अशोक कुमार नाम के एक युवक का शांति भंग में चालान कर दिया। जबकि पुलिस को चाहिए था कि वह दोनो पक्षों से चालान करती, वहीं एसडीएम ने भी अशोक की जमानत खारिज करते हुए उसको जेल भेज दिया। सपाईयों ने कहा कि जब तक अशोक की जेल से जमानत के लिये परवाना जारी नहीं हो जाता तब तक वह कार्यालय से नहीं उठेंगे, साथ ही चेेतावनी दी कि मंगलवार से सपाई तहसील मुख्यालय पर पीड़ित के परिजनों के साथ आमरण अनशन पर बैठ जायेंगे। जिस पर एसडीएम ने अपने स्टेनों से मोबाइल पर ही बात की ओर परवाना जारी कराने को कहा, जिसके बाद सपाई शांत हुए। इस दौरान सय्यद मुमताज अली, सलीम अंसारी, मंजूर मलिक, चीनू खेड़ा, सोनू फरीदपुर व शाहिद मलिक आदि मौजूद रहे।