फोम की कतरन से भरी डीसीएम धूं-धूं कर जली, लगा जाम
मुरादनगर। रावली रोड पर गुड़मंडी के पास शनिवार दोपहर अचानक फोम की कतरन से भरी डीसीएम गाड़ी में भीषण आग लग गई। चालक ने किसी तरह गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। आग के चलते करीब पौने घंटे तक रावली रोड पर जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट लगना बताया जा रहा है।
एसएचओ ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब चार बजे मलिक नगर निवासी रिजवान डीसीएम गाड़ी में फोम की कतरन भरकर ले जा रहा था। रावली रोड गुड़मंडी के पास पहुंचा तो अचानक डीसीएम में भरी फोम की कतरन में आग लग गई। कुछ ही देर में भीषण हो गई। धूं-धूं कर डीसीएम जलने लगी। आसमान में सिर्फ काला धुआं ही दिखाई दे रहा था। किसी ने आग की सूचना पुलिस और दमकल को दी। आग के चलते रावली रोड पर अफरातफरी का माहौल बन गया। करीब पौन घंटे तक रावली रोड पर जाम लगा रहा। मौके पर पहुंची दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि डीसीएम में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है। पुलिस डीसीएम में आग लगने के कारण की जांच कर रही है। इसके अलावा हाइवे पर गंगनहर यूटर्न के पास बंद पड़ी पानी की फैक्ट्री के कबाड़ में आग लग गई थी। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
-----------
रुपये लेनदेन को लेकर विवाद, चार गिरफ्तार
मुरादनगर। ईदगाह रोड पर रुपये लेनदेन को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने चार लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। एसएचओ ने बताया कि ईदगाह रोड पर शनिवार को रुपये लेनदेन को लेकर एक पक्ष कमरुद्दीन, टेकचंद का दूसरे पक्ष चांद, फरमान के साथ विवाद चल रहा था। मामला बढ़ता देख किसी ने सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चारों का शांतिभंग में चालान किया।