शोरूम में भीषण आग, बाल-बाल बचा परिवार
कंकरखेड़ा। सरधना रोड शिव चौक स्थित मां भगवती इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे आग लगने से हड़कंप मच गया। शोरूम की ऊपरी मंजिल पर ही शोरूम मालिक का परिवार रहता है। आग की लपटें ऊपर तक पहुंच गईं। गनीमत रही कि परिवार आग में फंसने से बच गया। आग से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
पुलिस के अनुसार यह शोरूम मनोज अग्रवाल पुत्र सूरज प्रकाश का है। ऊपरी मंजिल पर मनोज पत्नी पल्लवी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। जिस समय आग लगी तो शोरूम बंद था और परिवार को पता नहीं चला। इस दौरान सड़क से आते-जाते लोगों ने शोरूम के शटर के नीचे से धुआं और आग की लपटे निकलती देखीं तो शोर मचाया। देखते ही देखते ही आग ने भयंकर रूप ले लिया। आग ने शोरूम की ऊपरी मंजिल को भी चपेट में ले लिया। मनोज मशक्कत के बाद परिवार को नीचे लेकर पहुंचे।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आसपास के लोगों और व्यापारियों की मदद से आग पर काबू पाया। मनोज अग्रवाल ने बताया कि आग से शोरूम में रखे कूलर, एसी, पंखे, एलईडी, फ्रिज, मिक्सी, पंखे, प्रेस, इंडक्शन, प्रेस आदि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखे हुए थे। सभी बेकार हो गए। शोरूम की वायरिंग और दीवारें भी खराब हो गई। पीड़ित ने तहरीर दी है।