साप्ताहिक पैठ में युवतियों से छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट
जानीखुर्द। जानीखुर्द थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम पैठ में कुछ युवकों ने युवतियों से छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर एक युवती के साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को पकड़ लिया। वहीं घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव में साप्ताहिक पैठ लगती है। ग्रामीणों के मुताबिक पैठ में कुछ युवक आते हैं और झुंड बनाकर खड़े हो जाते हैं पैठ में आने-जाने वाली महिलाओं, युवतियों से छेड़छाड़ करतें हैं। मंगलवार देर शाम पैठ में खरीददारी करने आई महिलाओं के साथ उक्त युवकों ने छेड़छाड़ कर दी है। विरोध करने पर आरोपियों ने एक युवती के साथ मारपीट करते हुए घायल कर दिया। युवती से मारपीट की सूचना पर ग्रामीण इकट्ठा होकर पहुंच गए और आरोपी युवकों को घेर लिया। जिसमें तीन आरोपी युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान सभी युवक एक ही संप्रदाय के होने के चलते ग्रामीण भड़क गए। पुलिस ने किसी तरह ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। जानी थाना प्रभारी ब्रजेश शर्मा नेक बताया कि तहरीर आने पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।