बिजली की समस्या से उपभोक्ता परेशान
बौंद्रा। सिलौर बिजलीघर अंतर्गत करीब बीस गांवों के लिए अवैध रूप से शटडाउन लेने से समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बिजली आपूर्ति का कोई फायदा नहीं है। बिजली आने पर वोल्टेज कम रहते हैं। जिससे पखे, कूलर एवं अन्य उपकरण काम नहीं करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजलीघर पर तैनातकर्मी से फोन द्वारा शटडाउन के लिए कहा जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि कोई दिक्कत आती है तो संबंधित व्यक्ति लाइनमैन से साठगांठ कर शटडाउन ले लेता है। प्रदेश सरकार द्वारा गांव-गांव में बिजली के नए पोल लगाए जा रहे हैं। वहीं, गांव छुछाई में आज भी पुराने खंभों के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है। गांव में जर्जर हो चुके बिजली के तारों को बदला नहीं गया है। जिससे हमेशा हादसे का भय बना रहता है। ग्रामीण नौबहार सिंह नागर, राजू नागर, विजय नागर, हेमराज सिंह, निर्भय नागर, सनोज नागर आदि ने जल्द ही गांव में नए पोल एवं केबल लगाने की मांग की है। उन्होंने वोल्टेज की समस्या से जल्द विद्युत निगम के उच्चाधिकारियों को अवगत कराने चेतावनी दी है।