टेंपो सवार महिला से गहने एवं नगदी लूटी
दौराला। मेरठ से दुल्हन के लिए गहने खरीदकर टेंपों से खतौली लौट रहे एक परिवार से शुक्रवार रात हाईवे पर मटौर गांव के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने लाखों के गहने और नकदी रखा बैग लूट लिया। झटका लगने से महिला नीचे गिरकर घायल हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश की मगर सुराग नहीं लग सका। पीड़ित परिवार ने दौराला थाने में तहरीर दी है।
खतौली निवासी जमीर अहमद के बेटे फुरकान की जल्द ही शादी होने वाली है। इसके लिए शुक्रवार को जमीर अहमद, उसका बेटा फुरकान, शाइस्ता पत्नी फखरू, पुत्र फखरू और परिवार की दो युवतियां मेरठ में अपनी रिश्तेदारी में आए हुए थे। बताया कि इन्होंने फुरकान की शादी के लिए मेरठ से दुल्हन के लिए दो जोड़ी सोने की झुमकी, कुंडल, सोने के चार कड़े, चार जोड़ी पाजेब, दो लाेंग, एक टीका, एक हार और अन्य सामान खरीदा था। बताया कि इन्होंने गहने एवं दस हजार रुपये शाइस्ता के बैग मेें रख दिए। इसके बाद उन्होंने मेरठ से खतौली जाने के लिए एक टेंपो किराये पर लिया। ये उसमें सवार होकर खतौली जा रहे थे। रात करीब आठ बजे उनका टेंपो हाईवे पर मटौर गांव के समीप पहुंचा तो पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने टेंपो के समीप आकर किनारे पर बैठी शाइस्ता के हाथ से बैग छीन लिया। जिससे झटका लगने पर शाइस्ता टेंपो से नीचे आ गिरी। घटना के बाद बदमाश वापस मेरठ की ओर फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाकर पहुंची दौराला पुलिस ने मामले की जानकारी की और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की मगर नाकाम रही। पुलिस ने घायल शाइस्ता का दौराला सीएचसी में उपचार कराया है। वहीं, पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। थाना प्रभारी रितेश कुमार का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।