धूप में कतरा-ए-शबनम को लिए फिरते हैं...
फलावदा। फलवदा क्षेत्र के नगला एजदी गांव में आयोजित एक शाम तुराज के नाम कार्यक्रम में फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गीतकार एएम तुराज ने खूबसूरत गजल सुनाकर दर्शकों को आनंदित कर दिया। देर रात तक सजी इस अदबी महफिल का लोगों ने लुत्फ उठाया।
गांव स्थित हाजी बाबर के आवास पर फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर गीतकार एएम तुराज बृहस्पतिवार शाम पहुंचे। उन्होंने एक शाम तुराज के नाम कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दी। तुराज ने धूप में कतरा-ए-शबनम को लिए फिरते हैं, आज तक हम उसी मौसम को लिए फिरते हैं.... , दिलों निगाह भी न रहे इस अख्तियार में, पत्थर का हो गया हूं तेरे इंतजार में, किसी के दिल के अंदर अब मेरा घर क्यों नहीं होता, अजीब शख्स हैं शिकवों पर मुस्कराते हैं आदि गजलें और फिल्मीं गीत भी पेश कर शमा बांध दिया। कार्यक्रम का आगाज महफूज माहिर के नातिया कलाम से किया। कार्यक्रम का संचालक मिर्जा मिन्हाजुद्दीन ने किया। मिर्जा मिन्हाजुद्दीन ने गीतकार तुराज के फिल्मी कैरियर के बारे में बताया कि उन्होंने पद्मावत जैसी करीब 40 फिल्मों के गीत लिखे हैं। बताया कि सलमान खान की आने वाली फिल्म इंशाल्लाह में भी उनके द्वारा लिखे गीत सुनने को मिलेंगे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनवारूल हक शादा, मिर्जा हसीमुद्दीन हमदम, फैय्याज नादिर, खलील, महफूज माहिर आदि शायरों ने अपने कलाम पढ़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता फलावदा के पूर्व चेयरमैन सय्यद मैराजुउद्दीन ने की। इस दौरान सैयद ईसा, मवाना नगर पालिका अध्यक्ष अय्यूब कालिया, पूर्व चेयरमैन मिर्जा शफीक, सपा नगर अध्यक्ष शाही अब्बास आदि मौजूद रहे।